नई दिल्ली (गणतंत्र भारत के लिए न्यूज़ डेस्क ) : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए 125 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। प्रियंका गांधी ने गुरुवार को उम्मीदवारों की सूची का एलान करते हुए बताया कि पार्टी ने इनमें 50 सीटों पर महिला प्रत्याशियों को उतारा है। प्रियंका गंधी ने कहा कि, इस सूची में जैसा कि हमने संकल्प लिया था 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को दिए गए हैं। इसके अलावा, 40 प्रतिशत टिकट युवाओं को दिए गए हैं।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पत्रकार सम्मेलन में कहा कि, सूची नया संदेश दे रही है कि यदि आपके साथ अत्याचार हुआ तो आपके पास ये शक्ति है कि आप अपने हक के लिए लडें। आपकी लड़ाई में कांग्रेस पार्टी आपका साथ देगी। सत्ता अपने हाथ में लें। प्रियंका गांधी ने कहा कि, इस लिस्ट में कुछ महिला पत्रकार हैं। एक अभिनेत्री हैं और बाकी संघर्षशील महिलाएं हैं, जिन्होंने कांग्रेस में रहते हुए कई साल संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि, पार्टी ने जीतने और लड़ने की क्षमता देखकर महिला उम्मीदवारों को चुना है। आज यूपी में तानाशाह सरकार है, हमारी कोशिश मुद्दों को केंद्र में लाने की है।
टिकट पाने वालों में सर्वाधिक चर्चा उन्नाव रेप पीड़िता की मां आशा सिंह के नाम की है। प्रियंका गांधी ने आशा सिंह को टिकट देते हुए कहा कि वे अपनी लड़ाई लड़ सकें, इसलिए उन्हें टिकट दिया गया है। प्रियंका गांधी ने कहा कि हम अत्याचार झेलने वालों की आवाज बनेंगे। उन्होंने कहा कि, हमारी उन्नाव की प्रत्याशी उन्नाव गैंगरेप पीड़िता की मां हैं। हमने उनको मौका दिया है कि वे अपना संघर्ष जारी रखें। जिस सत्ता के जरिए उनकी बेटी के साथ अत्याचार हुआ, उनके परिवार को बर्बाद किया गया, वही सत्ता वे हासिल करें।
प्रियंका गांधी ने कहा कि, हमने सोनभद्र नरसंहार के पीड़ितों में से एक रामराज गोंड को भी टिकट दिया है। इसी तरह आशा बहनों ने कोरोना में बहुत काम किया, लेकिन उन्हें पीटा गया। उन्हीं में से एक पूनम पांडेय को हमने शाहजहांपुर से टिकट दिया है। सदफ़ जाफ़र ने सीएए-एनआरसी के समय बहुत संघर्ष किया था। सरकार ने उनका फोटो पोस्टर में छपवाकर उन्हें प्रताड़ित किया। मेरा संदेश है कि अगर आपके साथ अत्याचार हुआ तो आप अपने हक़ के लिए लड़ें। कांग्रेस ऐसी महिलाओं के साथ है।
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि, लखीमपुर की हमारी प्रत्याशी रितु सिंह हैं जिसने बीजेपी के ख़िलाफ़ ब्लॉक प्रमुख का चुनाव लड़ने की हिम्मत जुटाई तो उसका चीरहरण किया गय़ा, लेकिन उसका मनोबल नहीं गिरा पाए।
फर्रुखाबाद से पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद को उम्मीदवार बनाया गया है। प्रतापगढ़ जिले की रामपुर खास सीट से अराधना मिश्रा मोना को टिकट दिया गया है। मोना कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी की बेटी हैं। नोएडा से पंखुड़ी पाठक को उतारा गया है। कांग्रेस से जुड़ी नई टीम में संगठन सचिव अनिल यादव को नजीबाबाद से प्रत्याशी बनाया गया है।
नेताओं के कांग्रेस छोड़ने के सवाल पर प्रियंका गांधी ने कहा कि, ये हर चुनाव में होता है। कुछ लोग आते हैं, कुछ लोग जाते हैं। कुछ घबरा जाते हैं। हमारे संघर्ष के लिए हिम्मत की जरूरत है। किसी के जाने से दुख तो होता ही है। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि, कांग्रेस पार्टी संघर्ष में य़कीन करती है और जो लोग संघर्ष मे यकीन नहीं रखते उन्हें पार्टी के साथ चलने में दिक्क्तत होती है।